26/11का आरोपी पाकिस्तानी जेल में बंद???
रिपोर्ट---रज़िया बानो खान  


 


 

भारत के मोस्ट वांटेड आतंकियों में से एक और 26/11 मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद को पाकिस्तान में गिरफतार कर लिया गया है। आतंकी हाफिज सईद को पाकिस्तान की काउंटर टेररिज्म डिपार्टमेंट ने लाहौर से गुरजांवाला जाते समय गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद हाफिद सईद को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


सरकारी वकील उज्ज्वल निकम ने हाफिज सईद की गिरफ्तारी को पाकिस्तान का नाटक करार दिया है। उन्होंने कहा है कि पाकिस्तान दुनिया को बेवकूफ बना रहा है कि उसने हाफिज सईद को गिरफ्तार कर लिया है। हमें अब यह देखना होगा कि हाफिज सईद को दोषी ठहराने के लिए पाकिस्तान अदालत में कैसा सबूत पेश करता है।


इससे पहले जमात उद-दावा के सरगना हाफिज सईद और तीन अन्य को लाहौर की आंतक निरोधी अदालत  ने गिरफ्तारी से राहत दी थी। ATC ने हाफिज सईद समेत तीन अन्य लोगों को गिरफ्तारी से पहले ही जमानत को अनुमति दे दी।


हाल ही में आतंकी संगठनों के खिलाफ कार्रवाई करने के बढ़ते अंतरराष्ट्रीय दबाव के बीच पाकिस्तान ने हाफिज सईद और उसके 12 सहयोगियों के खिलाफ आतंकी फंडिंग के 23 मामले दर्ज किए थे। पाकिस्तान के आतंकरोधी विभाग ने एक बयान जारी कर बताया था कि आतंकी फंडिंग के लिए पांच ट्रस्टों का इस्तेमाल करने के लिए उनके खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं।


हाफिज सईद पाकिस्तान में जमात उद दावा नामक संगठन चलाता है। 2008 में मुंबई हमले का सूत्रधार रहा जिसमें 164 लोग मारे गए थे। इसी हमले के बाद अमेरिका ने इसके सिर पर एक करोड़ डॉलर का इनाम घोषित कर रखा है। 2006 में मुंबई ट्रेन धमाकों में भी इसका हाथ रहा है। सन 2001 में भारतीय संसद तक को इसी के आतंकियों ने निशाना बनाया था। हाफिज एनआइए की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल है। भारत सहित अमेरिका, ब्रिटेन, यूरोपीय संघ, रूस और ऑस्ट्रेलिया ने इसके संगठनों को प्रतिबंधित कर रखा है।